महेशपुर में पटाखा दुकान की सुरक्षा पर गंभीर सवाल, प्रशासन से तत्काल जांच की मांग

कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर ग्राम महेशपुर के समीप संचालित पटाखा दुकान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। दुकान में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, लाइसेंस के प्रदर्शन और पटाखों के भंडारण संबंधी नियमों के पालन पर शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि निर्धारित दुकान के अलावा अन्य स्थानों पर भी पटाखों का भंडारण किया जा रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए कलेक्टर से मामले की तत्काल जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में कहा गया है कि पटाखा दुकान मुख्य मार्ग से सटकर संचालित हो रही है, लेकिन वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं देते। नियमानुसार दुकान में प्रदर्शित किया जाने वाला लाइसेंस भी नजर नहीं आ रहा है।

ऐसे में दुकान की लाइसेंस वैधता, संचालन की अनुमति और सुरक्षा संबंधी शर्तों के पालन को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने यह आशंका भी जताई है कि पटाखों का भंडारण तीन अलग-अलग स्थानों पर किया जा रहा है, जिनमें संचालक का निजी आवास भी शामिल बताया गया है। यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है तो मामला और गंभीर हो सकता है। पटाखों का निर्धारित क्षमता और स्वीकृत स्थान से बाहर भंडारण आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा जोखिम पैदा कर सकता है। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले कटघोरा क्षेत्र में ही एक पटाखा दुकान में आगजनी की गंभीर घटना हो चुकी है।

इसके बावजूद यदि महेशपुर में संचालित दुकान की सुरक्षा व्यवस्था में खामियां हैं, तो यह प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। किसी अप्रिय घटना की प्रतीक्षा करने के बजाय समय रहते सुरक्षा मानकों की जांच और जरूरी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता जताई गई है।

संयुक्त टीम बनाकर जांच कराने की मांग
कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में राजस्व, पुलिस, नगर प्रशासन, अग्निशमन विभाग तथा संबंधित विस्फोटक लाइसेंसिंग अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल औचक निरीक्षण कराने की मांग की गई है। टीम से दुकान के लाइसेंस की वैधता, स्वीकृत भंडारण क्षमता, निर्धारित भंडारण स्थल, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा और शिकायत में बताए गए अन्य संभावित भंडारण स्थलों की जांच कराने का आग्रह किया गया है।

शिकायत में यह भी मांग की गई है कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकान का संचालन तत्काल बंद कराया जाए तथा लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने सहित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। अब प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।