तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

दीपका के श्रमवीर स्टेडियम में सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, खो-खो, कबड्डी, दौड़ और एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दिखा उत्साह

कोरबा-गेवरा-दीपका। अशासकीय विद्यालय संघ दीपका के तत्वावधान में श्रमवीर स्टेडियम, प्रगति नगर दीपका में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का 4 नवंबर को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। 2 से 4 नवंबर तक चली इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के सात विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में अशासकीय विद्यालय संघ कोरबा के अध्यक्ष अक्षय दुबे एवं दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भवदीप दुबे और अजय सिंह शामिल हुए।

कार्यक्रम में टीम चरक के सदस्यों के साथ विभिन्न विद्यालयों के संचालक, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

खो-खो, कबड्डी और एथलेटिक्स में दिखाया हुनर
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल झाबर, राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम स्कूल झाबर, कलचुरी पब्लिक स्कूल झाबर, सर्वमंगला विद्यालय झाबर, ईस्ट पॉइंट इंग्लिश स्कूल दीपका, आर.एन. इंग्लिश स्कूल दीपका एवं सरस्वती ज्ञान मंदिर दीपका के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

आयोजन को सफल बनाने में रामकृष्ण स्कूल दीपका, ज्ञान विज्ञान स्कूल दीपका और एस.जी.एम. स्कूल दीपका का विशेष सहयोग रहा।

तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़, गोला फेंक तथा पेयर रेस सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए मनोरंजक खेल भी रखे गए। पूरे आयोजन के दौरान श्रमवीर स्टेडियम में खेलों को लेकर उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।