दिल्ली में 14 नवंबर को होगा ‘अग्र अलंकरण समारोह-2026’, अग्रवाल समाज की प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

कोरबा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से ‘अग्र अलंकरण समारोह-2026’ का भव्य आयोजन 14 नवंबर 2026, शनिवार को प्रातः 10 बजे अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ, नई दिल्ली में किया जाएगा। समारोह में देश-विदेश में समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, व्यापार एवं सामाजिक कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अग्रवाल समाज की प्रतिभाओं को ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के व्यापार एवं उद्योग समिति के राष्ट्रीय संयोजक अशोक मोदी ने बताया कि समारोह में गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य समाज की विशिष्ट प्रतिभाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।

अशोक मोदी ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिभाओं के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपरा, उद्यमशीलता, सेवा भावना और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।उन्होंने अग्रवाल समाज के सभी बंधुओं, संगठन के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने समाज के लोगों से सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने और सामाजिक एकता एवं सामूहिक शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहभागी बनने का आग्रह किया।