बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने डीजल चोरी और परिचालन अनियमितताओं को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक डिजिटल निगरानी प्रणाली लागू की है। कंपनी के सभी क्षेत्रों में उन्नत तकनीक का उपयोग कर सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत किया जा रहा है।
SECL की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के सभी वाहनों में अत्याधुनिक GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगा दिया गया है। इनकी रीयल-टाइम मॉनिटरिंग बिलासपुर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।
इसके अलावा, सभी हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी (HEMMs) में डिजिटल सेंसर लगाए गए हैं, जो मशीन की लोकेशन, ऑपरेशन समय, डीजल खपत और असामान्य गतिविधियों की सटीक जानकारी देते हैं। यह प्रणाली डीजल चोरी की शुरुआती पहचान में बेहद प्रभावी है।
खान क्षेत्रों में RFID आधारित बूम बैरियर्स स्थापित किए जा रहे हैं, जिनसे केवल अधिकृत वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। प्रवेश-निकास का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा, जिससे अनधिकृत आवाजाही रुकेगी।
चयनित कॉन्ट्रैक्चुअल वाहनों और LMV में भी GPS सिस्टम लगाया जा रहा है। इनकी मूवमेंट को ICCC के CCTV फुटेज के साथ AI आधारित विश्लेषण से जोड़ा गया है, जो स्वतः असामान्य पैटर्न का पता लगाएगा।
SECL प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि डीजल चोरी या किसी अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस नीति है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन पहलों से सुरक्षा, दक्षता और निगरानी में बड़ा सुधार आएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















