9 से 18 फरवरी तक आंगनवाड़ी केंद्रों में मनाया जाएगा वजन त्योहार

कोरबा। जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की पोषण स्थिति के वास्तविक आकलन के उद्देश्य से 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक वजन त्योहार का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान जिले के कुल 2602 आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित किया जाएगा।

वजन त्योहार के दौरान बच्चों का वजन एवं ऊंचाई का मापन कर उनकी पोषण स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कुपोषित अथवा जोखिम वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार पोषण परामर्श, स्वास्थ्य मार्गदर्शन एवं विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूती मिल सके।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विभागीय निर्देशानुसार इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के साथ-साथ अभी तक अपंजीकृत बच्चों का भी वजन लिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र बच्चा शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं से वंचित न रह जाए।

इस संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित अवधि में वजन त्योहार को संवेदनशीलता, सुचारू व्यवस्था एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा किसी भी पात्र बच्चे के नहीं छूटने के निर्देश दिए।

वजन त्योहार का मुख्य उद्देश्य कुपोषित बच्चों की समय रहते पहचान, आवश्यक हस्तक्षेप, उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा समुदाय में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कलेक्टर श्री दुदावत ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को अनिवार्य रूप से उपस्थित कराएं, ताकि अभियान का उद्देश्य पूर्ण हो सके और बच्चों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।