कोरबा। कोरबा जिले में 37वें सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत लगातार चलाए जा रहे अभियानों से यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है, लेकिन इसके बावजूद कुछ वाहन चालक अब भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।
यातायात पुलिस ने सर्वमंगला चौक, हसदेव कैनाल जोड़ा पुल, राताखार एवं दर्री-रूमगरा क्षेत्र के ध्यानचंद चौक जैसे व्यस्त इलाकों में नो पार्किंग जोन में खड़े भारी वाहनों को लॉक कर चालकों पर अर्थदंड लगाया। इन स्थानों पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सूचना मिलने पर यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सड़कों से अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लॉक लगाने की कार्रवाई के साथ ही जुर्माना भी वसूला गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर एवं डीएसपी ट्रैफिक डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में तथा निरीक्षक तेज यादव के नेतृत्व में की गई।
अभियान में यातायात पुलिस दल के मनोज राठौर, रामनारायण, ईश्वर लहरे सहित हेड कांस्टेबल व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















