कब्ज और अनियमित दिनचर्या से बढ़ रही अर्श की समस्या, समय पर उपचार जरूरी : डॉ. नागेंद्र शर्मा

विश्व अर्श दिवस पर आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर का आयोजन, निःशुल्क हुई हीमोग्लोबिन, बीपी और शुगर की जांच

कोरबा।विश्व अर्श दिवस (वर्ल्ड पाइल्स डे) के अवसर पर शुक्रवार को कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में अंचलवासियों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर में अर्श (बवासीर), भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त एवं विभिन्न उदर रोगों से संबंधित समस्याओं पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनकर उचित परामर्श दिया तथा अर्श सहित विभिन्न उदर रोगों के प्रति जागरूक किया। शिविर में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। इसके अलावा अर्श, भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त एवं उदर रोगों में लाभकारी बताए गए अर्श हर क्वाथ का निःशुल्क सेवन कराया गया।

डॉ. शर्मा ने बताया कि अनियमित दिनचर्या, खानपान में लापरवाही, अत्यधिक तला-भुना एवं मिर्च-मसालेदार भोजन तथा लंबे समय तक कब्ज बने रहना अर्श की समस्या के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मल त्याग के दौरान दर्द, जलन, खुजली अथवा रक्तस्राव जैसे शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर भी कई लोग संकोच के कारण चिकित्सक से परामर्श लेने से बचते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर समस्या को गंभीर बना सकती है। अर्श के किसी भी लक्षण को छिपाने या नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

उन्होंने अर्श से बचाव के लिए संतुलित एवं संयमित आहार-विहार अपनाने, नियमित दिनचर्या बनाए रखने तथा कब्ज की समस्या का समय पर उपचार कराने पर जोर दिया। डॉ. शर्मा के अनुसार, उचित चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और खानपान में आवश्यक बदलाव से इस समस्या से राहत पाने में मदद मिल सकती है।

शिविर में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनन्दन साहू,अश्वनी बुनकर, कमल धारिया, कुश गुप्ता,मनीष कौशिक, कविरंजन दास,देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी,अनुराग कंवर,गुनगुन राठिया,पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ एवं शैल कुमारी निषाद ने उपस्थित रहकर आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।