कोरबा। प्रेम संबंधों ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के सन्डैल नाला पुल के नीचे शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर गला रेत दिया। इसके बाद खुद भी गला काटकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती ने मौत के मुंह से लौटते हुए कमाल का साहस दिखाया। उसने 112 पर कॉल किया और परिजनों को वीडियो कॉल कर इशारों में पूरी घटना बताई तथा लोकेशन शेयर की।
112 टीम और पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही 112 की टीम और उरगा पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा ले जाया गया। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवती की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। वह अभी जिंदगी-मौत की जंग लड़ रही है।

मृतक शुभम नायडू शादीशुदा, एक बच्ची का पिता
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की पहचान शुभम नायडू (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर का रहने वाला है और शादीशुदा था। उसकी एक छोटी बच्ची भी है। घायल युवती निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष) भी बिलासपुर की निवासी है। दोनों मंगलवार रात से लापता थे। जानकारी के अनुसार दोनों बिलासपुर से बाइक पर सवार होकर कोरबा पहुंचे थे।
प्रेम प्रसंग में विवाद, फिर हुई वारदात
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद शुभम ने निशा के गले पर चाकू से हमला कर दिया। फिर खुद भी गला काट लिया। युवती के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पहले ही पुलिस को दे दी थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















