बारिश भी नहीं डिगा सकी श्याम भक्तों की आस्था, बांकीमोंगरा से कोरबा तक निकली भव्य निशान पदयात्रा

51 श्याम प्रेमियों ने पैदल पहुंचकर अर्पित किए निशान

कोरबा। देवउठनी एकादशी और बाबा श्याम के पटोत्सव के पावन अवसर पर बांकीमोंगरा से कोरबा स्थित श्याम मंदिर तक भव्य निशान पदयात्रा निकाली गई। सुबह से ही बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। रास्ते में अचानक झमाझम बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह कम नहीं हुआ। भक्त बारिश में भीगते हुए पूरे रास्ते पैदल चलते रहे और कोरबा पहुंचकर बाबा श्याम को निशान अर्पित किए।

पदयात्रा की शुरुआत सुबह करीब 5 बजे बांकीमोंगरा मेन चौक से हुई। इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक दरबार को रथ के स्वरूप में सजाया गया था। बाजे-गाजे और डीजे पर गूंजते भजनों के बीच श्याम प्रेमी नाचते-गाते कोरबा स्थित श्याम मंदिर के लिए रवाना हुए। मंदिर पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

इस पदयात्रा में कुल 51 श्याम प्रेमियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि महिला शक्ति ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। 18 माताओं और बहनों ने पदयात्रा में शामिल होकर बाबा श्याम को निशान अर्पित किया। वहीं, 10 वर्षीय बालक आयुष, जो कक्षा पांचवीं का विद्यार्थी है, ने भी पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा में सहभागिता की और बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

बारिश के बीच भी नहीं थमे भक्तों के कदम
कोरबा जिले में मौसम बदलने और प्रशासन की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बीच पदयात्रा के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद श्याम भक्तों ने अपनी यात्रा जारी रखी। श्रद्धालुओं ने पहले ही संकल्प लिया था कि देवउठनी एकादशी और बाबा के पटोत्सव पर उन्हें निशान अर्पित करना है। इसी संकल्प और अटूट श्रद्धा के साथ भक्त बारिश की परवाह किए बिना मंदिर पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि बांकीमोंगरा क्षेत्र के श्याम प्रेमियों द्वारा प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष की एकादशी पर बांकीमोंगरा मेन चौक से कोरबा स्थित श्याम मंदिर तक निशान पदयात्रा निकाली जाती है। इस परंपरा की शुरुआत 11 दिसंबर 2024 को की गई थी। आयोजकों के अनुसार, यह धार्मिक पदयात्रा अनवरत जारी रखने का संकल्प लिया गया है।

देवउठनी एकादशी पर निकली इस विशेष पदयात्रा में श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।