कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के कुसमुंडा क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कार्य कर रही नीलकंठ प्राइवेट लिमिटेड आए दिन होने वाले विवाद और अव्यवस्था से परेशान होकर सख्त कदम उठाया है। कंपनी ने अपने कैंपस के बाहर स्पष्ट रूप से ‘नो वैकेंसी’ का बोर्ड लगा दिया है, साथ ही गैर-जरूरी और अपात्र व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने की सूचना भी चस्पा की है।
नीलकंठ प्राइवेट लिमिटेड को ओवरबर्डन सहित अन्य क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के कार्य मिले हुए हैं। कंपनी ने अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार श्रमिकों की नियुक्ति की है।
हाल ही में दूसरे राज्यों से आए श्रमिकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें आसपास के लोगों की संलिप्तता बताई गई। इस घटना के बाद श्रमिकों ने सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर काम बंद कर दिया था। पुलिस के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी।
बार-बार होने वाले ऐसे विवादों और अनावश्यक हस्तक्षेप से बचने के लिए कंपनी प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। प्रबंधन का कहना है कि इस कदम से गैर-जरूरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगेगी और अनावश्यक बवाल से बचाव संभव होगा।
इधर, कोरबा जिले के कोलफील्ड्स क्षेत्रों में औद्योगिक अशांति कोई नई बात नहीं है। कुसमुंडा, दीपका विस्तार और गेवरा क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण से जुड़े वर्षों पुराने मामले अब भी लंबित हैं। मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास के मुद्दों को लेकर प्रभावित ग्रामीण बार-बार आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और प्रबंधन स्तर पर केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















