कटघोरा में अतिक्रमण पर दोहरा रवैया? वन भूमि और कोरबा रोड पर बढ़ते कब्जे, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

कोरबा । कटघोरा सबडिवीजन में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की हालिया संयुक्त कार्रवाई को आम लोगों ने खूब सराहा है। नगर पालिका,स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग से अंबिकापुर रोड तथा बिलासपुर रोड पर अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी किए गए।

उदासीनता बरतने पर बुलडोजर चलाकर बस स्टैंड से वीर नारायण चौक सहित कई इलाकों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे यातायात और आमजन को काफी राहत मिली।

हालांकि,अब वन विभाग की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर विभागीय उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फॉरेस्ट कॉलोनी के सामने वन भूमि पर अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

यहां दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां धड़ल्ले से चल रही हैं, लेकिन न तो कोई ठोस कार्रवाई हो रही है और न ही रोक-टोक दिखाई दे रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्थिति से लगता है कि अतिक्रमणकारियों को या तो रोका नहीं जा रहा या फिर उन्हें मौन स्वीकृति मिली हुई है।

इसी क्रम में कोरबा रोड के बड़े हिस्से में भी अतिक्रमण तेजी से फैल रहा है, लेकिन इस पर अब तक कोई स्पष्ट कार्रवाई या योजना सामने नहीं आई है। इससे आम नागरिकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है और वे जानना चाहते हैं कि ऐसे मामलों में प्रशासन तथा वन विभाग की आगे की रणनीति क्या है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जहां एक तरफ सड़कों पर सख्ती बरती जा रही है, वहीं वन भूमि और प्रमुख रोड पर बढ़ते अतिक्रमण को नजरअंदाज करना उचित नहीं। पूरे कटघोरा क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ एक समान और पारदर्शी नीति अपनाई जाए, ताकि भ्रम तथा असंतोष दूर हो सके।