रेलवे लाइन से सटी इंदिरा नगर बस्ती में मचा हड़कंप, घरों पर लगे लाल क्रॉस; बेदखली की आशंका से बस्तीवासियों का स्टेशन पर प्रदर्शन

कोरबा।रेलवे लाइन से लगे इंदिरा नगर बस्ती में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने अपने घरों के बाहर लाल रंग के क्रॉस के निशान देखे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निशान रेलवे प्रबंधन द्वारा लगाए गए हैं और मंगलवार को बस्ती हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

बस्तीवासियों के अनुसार, करीब एक माह पहले रेलवे प्रबंधन ने लगभग ढाई सौ घरों को खाली करने का नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बाद कोई स्पष्ट कार्रवाई या संवाद नहीं हुआ। अचानक देर रात घरों पर क्रॉस लगने और सुबह बेदखली की सूचना मिलने से लोग आक्रोशित हो गए।

आक्रोशित बस्तीवासी एकजुट होकर रेलवे एआरएम कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय बंद मिला। इसके बाद वे रेलवे आरपीएफ कार्यालय गए और फिर स्टेशन परिसर पहुंचकर गेट के सामने प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि संबंधित बड़े अधिकारी मौके पर आकर उनकी बात सुनें।

सूचना पर स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बस्तीवासी उच्च अधिकारियों से सीधी बातचीत की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और मुआवजा दिए अचानक कार्रवाई की बात से वे भयभीत हैं। यदि कार्रवाई होती है तो वे जाएं तो कहां जाएं।

बस्तीवासियों की स्पष्ट मांग है कि रेलवे प्रबंधन पहले उन्हें रहने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराए, इसके बाद ही वे घर खाली करने को तैयार हैं। अन्यथा वे किसी भी सूरत में अपने घर नहीं छोड़ेंगे।

इधर, स्टेशन परिसर में आंदोलन की सूचना मिलते ही रेलवे आरपीएफ और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई को लेकर रेलवे की तैयारियां पूरी हैं और अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जा रहा है।