रकबा कटा तो धान नहीं बिक पा रहा: लेमरू केंद्र के 340 किसान कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे

कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी चल रही है, लेकिन इसमें रकबा कम दिखाने जैसी गड़बड़ियों से किसान बेहद परेशान हैं। इससे वे अपना पूरा धान नहीं बेच पा रहे हैं। सबसे ज्यादा नाराजगी लेमरू उपार्जन केंद्र से जुड़े सात गांवों के किसानों में है।

इन गांवों के 340 पंजीकृत किसानों ने मिलकर ऐलान किया है कि अगर समय रहते उनके खेत के रकबे में सुधार नहीं किया गया तो सोमवार को वे कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। किसानों का कहना है कि छूटे हुए खसरों का रकबा ठीक करने के लिए शासन से निर्देश जारी हो चुके हैं, लेकिन शिविरों में अधिकारियों द्वारा उन्हें बार-बार चक्कर लगवाए जा रहे हैं।

किसानों ने चेतावनी दी है कि इस लापरवाही के चलते वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि समस्या का शीघ्र निराकरण जरूरी है ताकि वे बिना किसी बाधा के अपना पूरा धान बेच सकें। लेमरू केंद्र के किसानों ने एकजुट होकर अपनी मांग रखी है और आंदोलन की पूरी तैयारी कर ली है।