कोरबा। कोरबा जिले के वन क्षेत्रों में हाथियों की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन मंडल कटघोरा में कुल 53 हाथी घूम रहे हैं। इनमें जटगा रेंज में 52 हाथियों का बड़ा झुंड एक साथ देखा गया है, जबकि पसान रेंज में तीन हाथी मौजूद हैं। वहीं, पाली से बिलासपुर जिले की ओर गया दंतैल (नर हाथी) वापस पाली रेंज लौटने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए वन विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
वन मंडल कोरबा में अब 14 हाथी बचे हैं। इनमें करतला रेंज में 11 और कुदमुरा रेंज में 3 हाथी घूम रहे हैं। एक अन्य दंतैल धरमजयगढ़ वन मंडल की ओर वापस लौट गया है।
इधर, ग्राम गीतकुंवारी में घूम रहे दो हाथियों ने धान और सब्जी की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। एक दंतैल अकेला घूम रहा है, जबकि बिलासपुर जिले की ओर गए दंतैल द्वारा ग्रामीणों पर हमले की सूचना मिली है। गौरतलब है कि यह दंतैल साल भर पहले भी इसी रूट पर आगे बढ़ा था और बाद में पाली होकर कोरबा वन मंडल में आया था।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में जंगलों के आसपास न जाएं और हाथियों के झुंड से दूर रहें। विभाग की टीमें हाथियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सके
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















