बस स्टैंड में ब्रेक फेल होने से दो बसों की टक्कर, 2 यात्री घायल; बड़ा हादसा टला

कोरबा। टीपी नगर स्थित नए बस स्टैंड में शुक्रवार दोपहर एक यात्री बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टल गया। ब्रेक फेल होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और खड़ी दूसरी बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का सामने का शीशा टूट गया और बस में सवार दो यात्रियों को हल्की चोटें आईं। हालांकि, समय रहते ड्राइवर ने नियंत्रण करने की कोशिश की, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

जानकारी के अनुसार, कोरबा से हरदीबाजार रूट पर चलने वाली यह बस दोपहर में यात्रियों को लेकर बस स्टैंड पहुंची थी। बस रुकते समय अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह आगे बढ़कर कोरबा-मनेंद्रगढ़ रूट की खड़ी बस से टकरा गई।

उस समय दूसरी बस में करीब 20 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत फैल गई। घायल दोनों यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हादसे के बाद दोनों बसों को सुरक्षित हटाया गया और यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। बस मालिकों और चालकों से वाहनों की नियमित जांच की अपील की जा रही है ताकि ऐसे हादसे रोके जा सकें।