कोरबा – पसान। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम सेनहा में 5 दिसंबर को संदिग्ध हालत में मिली करण सिंह (32 वर्ष) की लाश हादसे का शिकार नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला निकला। पुलिस ने पड़ोसी बेचन सिंह (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या कबूल कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि करण सिंह को शक था कि उसकी पत्नी का बेचन सिंह से अवैध संबंध है। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुके थे।
हाल ही में करण सिंह ने बेचन सिंह की होने वाली सगाई की लड़की के परिजनों को फोन कर यह बात बताई, जिसके बाद लड़की वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। इससे क्रोधित बेचन सिंह ने 5 दिसंबर को विवाद के दौरान डंडे से करण सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्रारंभ में घटना को संदिग्ध मानकर जांच शुरू की गई थी।
फोरेंसिक टीम की मदद से हत्या के सबूत मिलने के बाद पुलिस ने बेचन सिंह से सघन पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।पसान थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
