सीएसईबी के खिलाफ दीपका में महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, दफ्तर पहुंचकर अधिकारियों को घेरा
कोरबा–दीपका।बिजली विभाग के कथित मनमाने रवैये के खिलाफ दीपका में जनआक्रोश फूट पड़ा। वार्ड क्रमांक 2 ज्योति नगर की आक्रोशित महिलाओं ने दीपका बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर सीएसईबी अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। महिलाओं का आरोप है कि विभाग बोगस और बेतहाशा बिजली बिल भेज रहा है और बिना सुनवाई किए घरों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
नियमित भुगतान के बाद भी मनमाना बिल
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कहा कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करती हैं, इसके बावजूद विभाग की ओर से मनमाने और असामान्य रूप से बढ़े हुए बिल भेजे जा रहे हैं। जब उपभोक्ता शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचते हैं तो उनकी बात नहीं सुनी जाती, उल्टे कनेक्शन काटने की धमकी दी जाती है।
तार काटकर की गई सप्लाई बंद
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई घरों में बिजली के तार काटकर सीधे लाइन बंद कर दी गई, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
दोहरे मापदंड का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग पर दोहरे मापदंड अपनाने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर सख्ती की जा रही है, जबकि अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे विभाग की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई है।
बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में वार्ड की अनीता तिवारी, कंचन देवी, प्रभा देवी, रानी देवी, चुनी देवी, सिपल देवी, चंदा सिंह, ममता वर्मा, बबीता सोनी, रूबी देवी, शिवराम, सावित्री केवट सहित ज्योति नगर की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
