कारोबारी दीपक टंडन पर 27 लाख की ठगी का आरोप, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट

कोरबा। कटघोरा कोर्ट ने कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। दीपका थाना क्षेत्र में उनपर 27 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए महेन्द्र सिंह ने मामला दर्ज कराया था। लंबे समय से कोर्ट में हाजिर न होने के कारण अब टंडन को वांटेड घोषित करते हुए वारंट जारी किया गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

हाल ही में दीपक टंडन सुर्खियों में तब आए जब उन्होंने एक राजपत्रित महिला पुलिस अधिकारी (डीएसपी) पर धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए। कारोबारी का दावा था कि डीएसपी ने उन्हें लव ट्रैप में फंसाया, शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने हड़प लिए। इस मामले की जांच अभी जारी है।

इधर, दीपक टंडन के पुराने अपराधिक रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बीते वर्षों में कोरबा निवासी महेन्द्र सिंह से टंडन ने कथित तौर पर 27 लाख रुपये की ठगी की थी। महेन्द्र सिंह की शिकायत पर दीपका थाना में मामला दर्ज हुआ और कटघोरा कोर्ट में सुनवाई चल रही है।आरोपी के लगातार अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने अब गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपक टंडन की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।