ठेकेदार विनोद जैन पर छल का आरोप, एनएचएआई दफ्तर के सामने कारगिल योद्धा का आमरण अनशन
कोरबा।देश की सीमाओं पर जान जोखिम में डालने वाले कारगिल योद्धा को अपने ही देश में इंसाफ के लिए सड़क पर बैठना पड़ा वह भी एक नहीं, पूरे 3 करोड़ रुपए की ठगी के बाद। टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने का झांसा देकर ठेकेदार विनोद जैन द्वारा कोरबा निवासी पूर्व सैनिक प्रेमचंद पाण्डेय से करोड़ों की रकम ऐंठ ली गई, लेकिन आज तक न उन्हें साझेदारी मिली और न ही पैसा वापस हुआ।
नगद-चेक से दिए 3 करोड़
प्रेमचंद पाण्डेय ने कोरबा में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लोदाम टोल प्लाजा सहित अन्य राज्यों में संचालित टोल प्लाजा में साझेदारी दिलाने के नाम पर उन्होंने विनोद जैन को 3 करोड़ रुपए नगद और चेक के जरिए दिए थे। शुरुआत में बड़े मुनाफे और पार्टनरशिप का सपना दिखाया गया, लेकिन रकम मिलते ही ठेकेदार ने मुकरने में देर नहीं लगाई।
न पुलिस सुन रही, न एनएचएआई
पूर्व सैनिक का आरोप है कि ठगी से जुड़े पुख्ता दस्तावेज और सबूत देने के बावजूद न तो पुलिस ने ठोस कार्रवाई की और न ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों ने कोई संज्ञान लिया। निराश होकर प्रेमचंद पाण्डेय ने एनएचएआई कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
टोल प्लाजा में खुला भ्रष्टाचार का जाल
16 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा दे चुके प्रेमचंद पाण्डेय ने टोल प्लाजा संचालन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एनएचएआई के अधीन संचालित कई टोल प्लाजा में भ्रष्टाचार, कर्मचारियों का शोषण और गैरकानूनी गतिविधियां खुलेआम हो रही हैं। अधिकारियों को सब पता है, लेकिन वे जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं।
राज्य से दिल्ली तक संघर्ष की चेतावनी
प्रेमचंद ने साफ कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उनका आंदोलन कोरबा से रायपुर और फिर दिल्ली तक जाएगा। उनका संघर्ष सिर्फ अपने पैसों के लिए नहीं, बल्कि टोल प्लाजा में फैले भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए है।
पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की दखल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा और नेशनल हाईवे के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर ठेकेदार विनोद जैन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सवालों के घेरे में सिस्टम
एक तरफ देश की रक्षा करने वाला सैनिक, दूसरी तरफ ठगी और सिस्टम की चुप्पी यह मामला अब सिर्फ धोखाधड़ी नहीं, बल्कि संस्थागत लापरवाही और संरक्षण का बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
