“आश्रम में शराबखोरी का मामला उजागर: अधीक्षक व दो कर्मचारी निलंबित, एक की सेवा समाप्त”

सरभोंका आश्रम में रात 9:30 बजे छापा, नशे में धुत मिले तीनों, आदिवासी विकास विभाग ने की सख्त कार्रवाई

कोरबा। विकासखंड पोंड़ी-उपरोड़ा के ग्राम सरभोंका स्थित प्राथमिक स्तर आदिवासी बालक आश्रम में शराब पीते पकड़े जाने पर अधीक्षक सहित तीन कर्मचारियों पर गाज गिरी है।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर ने आश्रम अधीक्षक संजय कुमार पैकरा और कलेक्टर दर कर्मचारी आलम सिंह पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है,जबकि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी गनपत लाक को सीधी सेवा समाप्त कर दी गई है।

शिकायत मिलने के बाद नोडल अधीक्षक ने 28 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक संजय कुमार पैकरा, आलम सिंह पैकरा और गनपत लाक तीनों शराब के नशे में धुत पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आदतन शराब पीते हैं।

निलंबित दोनों कर्मचारियों को मुख्यालय सहायक आयुक्त कार्यालय कोरबा में संलग्न कर दिया गया है। इस सख्त कार्रवाई से पूरे आदिवासी विकास विभाग में हड़कंप मच गया है और लापरवाह अधीक्षकों में खौफ पैदा हो गया है।

विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्रावासों-आश्रमों में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।