कम अंक वालों का चयन, ज्यादा अंक वालों का नाम कटा; एक ही अभ्यर्थी की सामान्य और ओबीसी दोनों वेटिंग लिस्ट में एंट्री; SP कार्यालय में 12-14 दिसंबर तक चलेगा विशेष हेल्प डेस्क
कोरबा। छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती-2023 के घोषित परिणामों में भारी अनियमितता के आरोपों ने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। कोरबा सहित प्रदेश के कई जिलों के सैकड़ों अभ्यर्थी कम अंक वालों का चयन और ज्यादा अंक वालों के नाम कटने का हवाला देकर बिलासपुर हाईकोर्ट पहुँच गए हैं। अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पूरी चयन प्रक्रिया की जांच और नियुक्ति पर रोक लगाने की मांग की है।
अभ्यर्थियों के प्रमुख आरोप:
एक ही कैटेगरी में कम मार्क्स वालों का चयन, जबकि ज्यादा मार्क्स वालों को बाहर रखा गया
एक ही अभ्यर्थी का नाम सामान्य वर्ग और ओबीसी वर्ग दोनों की वेटिंग लिस्ट में शामिल होना
कई जिलों में कट-ऑफ से ऊपर अंक होने के बावजूद चयन न होना
मेरिट लिस्ट में पारदर्शिता का अभाव
इन आरोपों के बीच कोरबा जिला पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए राहत का ऐलान किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि अभ्यर्थियों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 12, 13 और 14 दिसंबर 2025 को SP कार्यालय कोरबा में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।
हेल्प डेस्क का समय:
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
SP सिद्धार्थ तिवारी और ASP नितीश ठाकुर ने कोरबा जिले के सभी प्रभावित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तारीखों पर जरूरी दस्तावेजों के साथ हेल्प डेस्क पर पहुँचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं।
इस बीच सोशल मीडिया पर भर्ती घोटाले के आरोप तेज हो गए हैं और अभ्यर्थी#JusticeForCGPoliceAspirants हैशटैग के साथ लगातार पोस्ट कर रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने कहा है कि अगर हेल्प डेस्क से न्याय नहीं मिला तो वे बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन और रेल रोको आंदोलन करेंगे।
फिलहाल पूरी भर्ती प्रक्रिया पर हाईकोर्ट की नजर में है और अगली सुनवाई तक परिणाम का अंतिम स्वरूप बदल भी सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

