कोरई देवरी में विधायक निधि से बना आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने किया शुभारंभ

लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग हुई पूरी, अब गांव में बड़े आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सरकारी योजनाओं के लिए मिलेगा स्थायी मंच

कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोरई देवरी में लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। विधायक निधि से निर्मित भव्य एवं आधुनिक सामुदायिक भवन का सोमवार को विधायक प्रेमचंद पटेल ने फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पटेल ने कहा कि यह भवन केवल चारदीवारी और छत नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। युवाओं, महिलाओं के स्व-सहायता समूहों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन के लिए यह बहुउद्देश्यीय मंच मजबूत आधार प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की पुरानी मांग पर ही इस भवन का निर्माण कराया गया है, ताकि शादी-विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंचायत बैठकें और प्रशिक्षण शिविर बिना किसी असुविधा के आयोजित हो सकें।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, पूर्व युवा आयोग अध्यक्ष रघुराज उइके, जवाली मंडल अध्यक्ष श्रवण तंवर, सरपंच शिवलाल कंवर, जनपद सदस्य प्रतिनिधि भुवनपाल सिंह, पंच श्रीमती अंजू बिंझवार एवं श्रीमती सावित्री बाई बिंझवार, मंडल महामंत्री महेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि मोहनदास महंत, गुलाबदास, रविशंकर यादव, शिवनारायण यादव, गोपीराम यादव, राम सिंह, दुकालूराम, रूपेश दीक्षित, मनदीप जायसवाल, भारत सिंह, बजरंगदास, दिलबोधन सिंह, मनोज यादव, बनवाली प्रजापति, हर्ष चौहान, बलवीर सिंह कंवर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अब गांव में किसी भी बड़े आयोजन के लिए बाहर जगह तलाशने या टेंट लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खासकर युवाओं और महिलाओं के लिए यह भवन वरदान साबित होगा।