दो सहेलियों के अपहरण व दुष्कर्म मामले में ‘डेढ़ सास-दामाद’ को 12 साल की सजा

कोरबा। दो सहेलियों को बहला-फुसलाकर अपहरण करने, एक को शादी के लिए मजबूर करने और दूसरी नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में अदालत ने महिला आरोपी और उसके बहन दामाद को कठोर सजा सुनाई है।

विशेष न्यायालय (POCSO) की न्यायाधीश डॉ. ममता भोजवानी ने आरोपी रजनी चौहान और विनोद पटेल को विभिन्न धाराओं में दोषसिद्ध पाते हुए अधिकतम 12 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।

मामले की शुरुआत 13 मार्च 2024 को हुई, जब पीड़िता की मां ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी 11 मार्च को अपनी सहेली के साथ कपड़ा सिलाने टेलर के पास जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दोनों लड़कियों की तलाश के बाद भी कोई पता नहीं चला, जिसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया।

20 मार्च को दोनों अपहृत बालिकाएं वापस लौटीं और पुलिस को बयान देते हुए बताया कि आरोपिया रजनी चौहान उन्हें बनारस काम दिलाने के बहाने ले गई थी। वहां उसने उन्हें अपने बहन दामाद विनोद पटेल के घर रखा। रजनी और विनोद ने मिलकर एक पीड़िता की शादी मथुरा निवासी एक व्यक्ति से करवा दी, जबकि दूसरी नाबालिग पीड़िता ने अपने बयान में विनोद पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इन गंभीर आरोपों के आधार पर प्रकरण में धारा 366, 366क, 376 तथा पॉक्सो की धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस ने रजनी चौहान और विनोद पटेल को 21 मार्च 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। विवेचना के बाद मामला अदालत में पेश किया गया, जहां दोनों आरोपी दोषी पाए गए। प्रकरण का एक अन्य आरोपी राजू यादव अभी फरार है।


विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा के अनुसार

धारा 366 में 7 वर्ष सश्रम कारावास व 2,000 रुपये अर्थदंड (अर्थदंड न देने पर 3 माह अतिरिक्त कारावास)

धारा 376 में 12 वर्ष सश्रम कारावास व 5,000 रुपये अर्थदंड (अर्थदंड न देने पर 6 माह अतिरिक्त कारावास)

न्यायालय ने नाबालिग पीड़िता को 4 लाख रुपये और दूसरी युवती को 50 हजार रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश भी दिया है।