हनुमान मंदिर में चोरी: चांदी के आभूषण, मूर्तियां व नकदी लेकर फरार हुए अज्ञात चोर

कोरबा। सीतामणी स्थित कुम्हार मोहल्ला में हनुमान जी के मंदिर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। प्रार्थी बाबूलाल श्रीवास ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका घर मंदिर के ठीक बाजू में है और प्रतिदिन की तरह 9 दिसंबर की सुबह जब वे पूजा करने पहुंचे, तो मंदिर का मुख्य गेट और गर्भगृह का ताला टूटा हुआ मिला।

मंदिर के अंदर जाने पर पता चला कि चोर हनुमान जी के चांदी के 4 मुकुट, 2 छत्र, चांदी की गदा, हाथ का एक चूड़ा, पैरों के 2 कड़े, रामदरबार की मूर्ति और पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति चोरी कर ले गए हैं। इसके अलावा मंदिर की अंदरूनी आलमारी भी टूटी पाई गई, जिसमें रखे हनुमान जी के नेत्र, चढ़ावा, चांदी के आभूषण, लाकेट, कान के झुमके और कुछ नकदी भी चोरी हो गई।

बाबूलाल श्रीवास की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।