2.84 करोड़ की लागत, डीएमएफ फंड से खरीदे गए वाहन; महापौर-आयुक्त ने स्वच्छता कर्मियों की मेहनत को सराहा
कोरबा। शहर को स्वच्छता के मामले में देश में नंबर-1 बनाने की दिशा में एक और कदम! छत्तीसगढ़ के श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता कार्य के लिए 80 ई-रिक्शा का वितरण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 2 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से ये ई-रिक्शा खरीदे गए हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा पहले ही देश का आठवां सबसे स्वच्छ शहर बन चुका है। अब ज्यादा संसाधन और मजबूत इच्छाशक्ति से हम इसे पहले स्थान पर पहुंचाएंगे।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने स्वच्छता दीदियों और सभी सफाई कर्मियों की तारीफ करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत का परिणाम है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा, “जब हम छुट्टियों में आराम कर रहे होते हैं, तब भी हमारी स्वच्छता दीदियां शहर को चमकाने में जुटी रहती हैं। उनके काम को आसान बनाना हमारा दायित्व है।”
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी स्वच्छता दीदियों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि उन्हें हर जरूरी सुविधा और संसाधन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, लक्ष्मण श्रीवास, रामकुमार साहू, चेम्बर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष योगेश जैन, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा सहित निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
ई-रिक्शा मिलने से अब स्वच्छता दीदियों को कूड़ा एकत्र करने में आसानी होगी और शहर की गलियों तक तेजी से सफाई पहुंच सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
