पोड़ी सीएचसी में पहला सिजेरियन सफल, ग्रामीण महिलाओं को अब नहीं भटकना पड़ेगा दूर

11 दिसंबर को प्रसूता कमला यादव ने स्वस्थ शिशु को दिया जन्म, कलेक्टर-सीएमओ के प्रयास से वर्षों पुरानी मांग पूरी

कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर! सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोड़ी में आज से सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई। पहले दिन ही लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल सिजेरियन कर प्रसूता कमला यादव ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से वर्षों से लंबित यह सुविधा आखिरकार चालू हो सकी। कलेक्टर के निर्देश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी तथा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक सिंह के मार्गदर्शन में यह संभव हो पाया।

ऑपरेशन टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश सिंह, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अनिल बनर्जी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश कश्यप, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशंकर सिंह, बीपीएम स्वरूप धारा और नर्सिंग स्टाफ ने अहम भूमिका निभाई।

अब पोड़ी-उपरोड़ा और आसपास के सैकड़ों गांवों की महिलाओं को जटिल प्रसव के लिए कटघोरा, कोरबा या महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर ही समय पर, सस्ती और सुरक्षित सिजेरियन सुविधा मिलने से मातृ-शिशु मृत्यु दर में भी कमी आने की उम्मीद है।

सीएमएचओ डॉ. केसरी ने बताया कि जल्द ही क्षेत्र के अन्य सीएचसी में भी ऐसी सुविधाएं शुरू करने की योजना है। कलेक्टर ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण कदम बताया।