वायु प्रदूषण से जूझते कोरबा में लॉन्ग टर्म ऑक्सीजन थेरेपी जरूरी, एनजीओ और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल
कोरबा। देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शुमार कोरबा में अब सांस के मरीजों को घर बैठे ऑक्सीजन मुहैया कराने की मुहिम तेज हो गई है। सरकारी मेडिकल कॉलेज के लेक्चर हॉल में स्वास्थ्य विभाग और गैर-सरकारी संगठन की संयुक्त पहल के तहत पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जिसके तहत जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों को संबोधित करते हुए मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. के.के. सहारे ने कहा कि कोरबा में लंबे समय से वायु प्रदूषण की भयावह स्थिति है। इससे फेफड़े और श्वसन तंत्र बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। जब शरीर में ऑक्सीजन का स्तर 80-85 प्रतिशत तक गिर जाता है, तो मरीज को गंभीर परेशानी होने लगती है और हीमोग्लोबिन बनने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। ऐसे में लॉन्ग टर्म ऑक्सीजन थेरेपी (LTOT) जीवन रक्षक साबित हो सकती है।
एनजीओ प्रतिनिधि रोहित बघेल ने बताया कि कोरबा में श्वसन रोगों के मरीजों की संख्या बहुत ज्यादा है, इसलिए शहर को इस प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। सरकार के साथ हुए अनुबंध के तहत चिह्नित मरीजों के घर तक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पहुंचाया जाएगा और उसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
हालांकि इस साल स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा को देश का आठवां सबसे साफ-सुथरा शहर होने का खिताब मिला है, लेकिन हकीकत यह है कि प्रदूषण सूचकांक में कोरबा लगातार टॉप-10 प्रदूषित शहरों में बना हुआ है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे दोहरे चरित्र वाले शहर में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जैसे कदम आम जनता की सांसों को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
