बालको पिच टैंक विस्फोट: फैक्ट्री मैनेजर को बचाया जा रहा? जिला प्रशासन से शिकायत, निष्पक्ष कार्यवाही की मांग

निर्माणाधीन टैंक में बिना अनुमति संचालन, मजदूर की मौत के बाद भी कमजोर धाराएं; प्रबंधन द्वारा गवाहों को धमकी देने का आरोप

कोरबा। बालको नगर के न्यू गैप एरिया स्थित एलजी शेड में 8 दिसंबर को हुए पिच टैंक विस्फोट में मजदूर रविशंकर यादव की मौत के मामले में अब सवाल प्रबंधन पर उठ रहे हैं। जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्यामनारायण सोनी ने कलेक्टर को सौंपे पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा है कि फैक्ट्री के अंदर हुई इस दुर्घटना में फैक्ट्री मैनेजर को आरोपी क्यों नहीं बनाया गया?

सोनी ने बताया कि पिच टैंक अभी निर्माणाधीन था और उसे संचालन की कोई अनुमति नहीं मिली थी। इसके बावजूद अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था। बालको थाने में दर्ज प्राथमिकी क्रमांक 751/2025 में अभी तक केवल कमजोर धाराएं लगाई गई हैं, जबकि फैक्ट्री एक्ट की धारा 7ए, 41बी, 88, 92 और 105 के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी।

युवक कांग्रेस नेता ने मांग की है कि:

फैक्ट्री मैनेजर को तत्काल आरोपी बनाया जाए

प्रबंधन द्वारा दी जा रही संभावित झूठी जानकारी की जांच हो

घटना की सूचना देने वाले मजदूरों-गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि प्रबंधन और ठेकेदार उन्हें धमका रहे हैं

मामले की स्वतंत्र संयुक्त जांच समिति गठित की जाए जिसमें श्रम विभाग, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी शामिल हों

फिलहाल फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने अब तक कोई प्रॉसीक्यूशन भी दायर नहीं किया है, जिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने पत्र मिलने की पुष्टि की है और कहा है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।