प्राचार्यों की कुर्सी की लड़ाई में फंसे छात्र, एक ही दिन हिंदी-अंग्रेजी दोनों पेपर, नाराज छात्रों ने किया परीक्षा बहिष्कार

आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में वर्चस्व की जंग, 3 घंटे में दो विषयों के प्रश्नपत्र हल करने को मजबूर किए गए छात्र, यूनिफॉर्म में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे छात्र

कोरबा। बालको नगर स्थित सरकारी अनुदान प्राप्त आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में दो प्राचार्यों के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ा। गुरुवार को अर्धवार्षिक परीक्षा के पहले दिन छात्रों को एक ही 3 घंटे के स्लॉट में हिंदी और अंग्रेजी दोनों विषयों का प्रश्नपत्र हल करने को कहा गया।

प्रबंध समिति द्वारा नियुक्त प्राचार्य चंद्रशेखर ने हिंदी का पेपर बंटवाया तो दूसरी ओर कोर्ट के एक अंतरिम आदेश के आधार पर प्राचार्य पद संभाल रहे कर्ष ने अंग्रेजी का पेपर कराने पर अड़ गए। दोनों में से किसी ने भी समय-सारणी में समन्वय नहीं किया, जिससे छात्रों के सामने एक साथ दो पेपर देने की मजबूरी आ गई।

नाराज छात्रों ने दोनों प्राचार्यों से गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार सैकड़ों छात्र परीक्षा छोड़कर यूनिफॉर्म में ही जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए और अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वे अभी जिले से बाहर हैं, लौटते ही पूरे प्रकरण की जांच करेंगे और विद्यार्थियों के हित में उचित समाधान निकालेंगे।

फिलहाल स्कूल में दो प्राचार्यों की मौजूदगी से प्रशासनिक अराजकता का माहौल बना हुआ है, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा पर पड़ रहा है।