कोरबा।कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को कोरबा विकासखंड के ग्राम कनकी स्थित धान उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया और खरीदी की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में मौजूद किसानों से बातचीत कर उपार्जन व्यवस्था की जानकारी ली।
कलेक्टर ने नोडल अधिकारी और प्रबंधक को निर्देशित किया कि खरीफ सीजन का धान केवल वास्तविक एवं पंजीकृत किसानों से ही खरीदा जाए। उन्होंने भंडारण व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि धान की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
उन्होंने बारदाना पंजी में 100% सही प्रविष्टि, बारदानों में स्टेंसिल लगाने, तथा उपार्जन केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही आवक एप्लीकेशन में प्रत्येक किसान की जानकारी पूर्ण व सटीक दर्ज करने पर भी बल दिया, जिससे खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
कलेक्टर ने किसानों से संवाद करते हुए अवैध धान की बिक्री रोकने में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अवैध धान खपाने की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, खाद्य विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

