ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा : एक साल में 1937 चालान, 5.81 लाख रुपये की पेनाल्टी वसूली

कोरबा। यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों में जागरूकता लाने के लिए कोरबा ट्रैफिक पुलिस इन दिनों सख्ती बरत रही है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नियमों का पालन करने पर लाभ है, लेकिन उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई तय है।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से अब तक यातायात नियम तोड़ने के कुल 1937 मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 लाख 81 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया है। लगभग 2 हजार वाहन चालकों को नियम उल्लंघन पर दंडित किया गया।

धुआं और कोहरा बढ़ने से दृश्यता प्रभावित होने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने सभी प्रकार के वाहनों पर फ्रंट-रीयर रिफ्लेक्टर, रेडियम पट्टी, इंडिकेटर और पार्किंग लाइट सही रखने के निर्देश जारी किए हैं।

राताखार के पास जुड़े पुल के निकट अव्यवस्थित पार्किंग करने वाले कई वाहनों पर लॉक की कार्रवाई की गई। ट्रैफिक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ट्रैफिक डीएसपी डी.के. सिंह,निरीक्षक तेज कुमार यादव,आर.एन.रात्रे, मनोज राठौर, ईश्वर लहरे व अन्य मैदानी कर्मचारी लगातार अभियान में जुटे हुए हैं।