निगम के ‘फेस ऑफ द मंथ’ बने सत्य प्रकाश राठौर, परमेश्वर शर्मा और जोहन सोनी

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने दिसम्बर माह के लिए सहायक राजस्व निरीक्षक सत्य प्रकाश राठौर, सहायक ग्रेड-3 परमेश्वर शर्मा और स्वच्छता निरीक्षक जोहन सोनी को ‘फेस ऑफ द मंथ’ चुना है। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने तीनों कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी कार्य निष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

यह सम्मान पिछले 11 महीनों से निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की विशेष पहल पर चल रहा है, जिसका उद्देश्य तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य को सार्वजनिक सम्मान देना और बाकी स्टाफ में भी बेहतर प्रदर्शन की होड़ जगाना है।

चयनित कर्मचारियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “निगम प्रशासन ने हमारे परिश्रम को जो सम्मान दिया, उसके लिए हम दिल से आभारी हैं। यह सम्मान हमें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।”

‘फेस ऑफ द मंथ’ का चयन अपर आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति करती है,जिसमें अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, उपायुक्त (स्थापना), राजस्व अधिकारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी और महिला उत्पीड़न उन्मूलन समिति की अध्यक्ष सदस्य हैं। समिति हर माह तीन सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों का चयन करती है।

इस पहल से निगम में छोटे-छोटे कर्मचारियों के बीच अच्छे कार्य की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और उन्हें लगने लगा है कि उनका परिश्रम देखा जा रहा है तथा उसकी सराहना हो रही है।