कड़ाके की ठंड में मानवता की मिसाल: हरियर धरती टीम ने गुडरमुड़ा में बांटे सैकड़ों कंबल, साड़ियाँ व कपड़े

कोरबा।पेड़ बचाओ, पानी बचाओ, जीवन बचाओ के उद्देश्य से सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों में सक्रिय रेलवे कर्मचारियों की हरियर धरती टीम ने एक बार फिर मानव सेवा की मिसाल पेश की। कड़ाके की ठंड को देखते हुए टीम ने जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर कटघोरा ब्लॉक के ग्राम गुडरमुड़ा पहुंचकर जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच बड़ी संख्या में कंबल, साड़ियाँ, स्वेटर, बच्चों के कपड़े तथा अन्य वस्त्र वितरित किए।

टीम के सदस्यों ने आपसी सहयोग से कपड़ों का विशाल संग्रह तैयार किया था, जिसे साफ-सुथरा कर हर आयु वर्ग के लोगों तक पहुंचाया गया। हरियर धरती के ‘हरियर मित्र’ हर वर्ष तन–मन–धन से इस महादान में सहयोग देते आ रहे हैं, जिसके चलते टीम लगातार जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाती रहती है।

ग्राम गुडरमुड़ा में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में आनंद गुप्ता, गुलाब धुर्वे, संजीत गोंड, गणेश स्वर्णकार, धनेश्वर साहू, सुधीर कुमार, धर्मवीर कुमरा, नीरज कुमार, अजय साहू, नंदलाल यादव, संतोष कुमार, अमरेश सिन्हा, वी.के. राम, बी.एन. रजक, भूपेश कुमार एवं आर.के. दुबे का विशेष योगदान रहा। टीम के इस प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की।