कोरबा। ग्रीष्म ऋतु से पहले जिले के स्कूलों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आदेशित किया कि उन सभी विद्यालयों की विस्तृत सूची तुरंत प्रस्तुत करें, जहाँ बोरवेल खराब हैं, उपलब्ध नहीं हैं या जहाँ पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। कलेक्टर ने कहा कि सूची प्राप्त होते ही डीएमएफ फंड से इन स्कूलों में नए बोरवेल स्वीकृत किए जाएंगे और फरवरी–मार्च में खुदाई का काम पूरा कर लिया जाएगा।
पाली नगर पंचायत से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर चार नए बोरवेल स्वीकृत किए गए, जबकि पिछले वर्ष पाली और पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में स्वीकृत हैंडपम्पों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सही मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और अनाधिकृत नाम किसी भी स्थिति में जोड़ा नहीं जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों में गणना पत्रक उपलब्ध नहीं हैं, उनमें संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दावा–आपत्ति मंगाई जाए।
बीएलओ व बीएलए की शीघ्र बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसडीएम और राजस्व टीम को संवेदनशील उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने टोकनों के आधार पर अनिवार्य किसान सत्यापन, संदिग्ध किसानों की जांच और अवैध खरीदी पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि धान खरीदी केवल वास्तविक किसानों से की जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में डीएफओ कटघोरा निशांत कुमार, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम तन्मय खन्ना सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

