कोरबा को रंगों से सजाएगा नगर निगम‘क्रिएटिव कार्नर’ की शुरुआत: महापौर-आयुक्त ने खुद उठाया ब्रश, दीवारें बनेंगी जागरूकता की कैनवास

कोरबा। कोरबा शहर को नया रंग-रूप देने की मुहिम शुरू हो गई है। नगर निगम ने मंगलवार को ‘क्रिएटिव कार्नर’ अभियान का शुभारंभ किया। कोसाबाड़ी मार्ग पर पहली दीवार को खुद महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने ब्रश थामकर रंगना शुरू किया।

अब शहर के उपेक्षित चौराहों, मुख्य मार्गों, फ्लाईओवर की दीवारों और सार्वजनिक स्थानों को स्थानीय कलाकारों की कलम से सजाया-संवारा जाएगा। इन पेंटिंग्स के जरिए पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, बेटी बचाओ जैसे सामाजिक संदेश भी जन-जन तक पहुंचेंगे।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा, “यह सिर्फ सिटी ब्यूटीफिकेशन नहीं, बल्कि शहर के कलाकारों को सम्मान और प्लेटफॉर्म देने की पहल भी है।” शुरुआती चरण में आर्टिस्ट ग्रुप की मनीषा अग्रवाल, अंकित सोनी, साधना धर, सुमन कुमारी, कुमकुम गुलहरे, उर्वी साहू, महावीर अग्रवाल, पंकज सोनी समेत कई युवा कलाकार जुड़े हैं।

महापौर ने घोषणा की कि विशेष अवसरों पर इन कलाकारों को नगर निगम सार्वजनिक रूप से सम्मानित करेगा।

कार्यक्रम में जोन कमिश्नर भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, उप अभियंता सोमनाथ डेहरे सहित बड़ी संख्या में निगम अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

अगले कुछ सप्ताह में शहर के कई हिस्सों में ऐसी रंगीन दीवारें नजर आएंगी। कोरबा सचमुच अब “रंगों का शहर” बनने की राह पर है!