कोरबा। वन मंडल कोरबा के कोल्गा क्षेत्र में कूप कटाई कार्य एक बार फिर विवादों में घिर गया है। मंगलवार को वन विभाग के निर्देश पर कूप कटाई संख्या-2 में चल रहे कार्य के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए काम में बाधा उत्पन्न कर दी।
वन अधिकारियों के अनुसार यह कूप कटाई का कार्य भारत सरकार से स्वीकृत है और तकनीकी प्रक्रिया के तहत केवल अनुपयोगी, मृत या सूखे पेड़ों की ही कटाई की जा रही है।
एसडीओ फॉरेस्ट सूर्यकांत सोनी ने बताया कि उपयोगिता के आधार पर चिन्हांकित पेड़ों की सूची के अनुसार कटाई की अनुमति प्राप्त है और वही नियमित प्रक्रिया इस बार भी लागू की जा रही है।
हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि कोल्गा गुफा और आसपास के क्षेत्रों में कटाई विशेष उद्देश्य से कराई जा रही है, क्योंकि इस इलाके में कोयले की मौजूदगी बताई जाती है।
उनका दावा है कि भविष्य में संभावित दोहन के लिए जंगल की साफ-सफाई की जा रही है। ग्रामीणों ने वनकर्मियों से आरी तथा अन्य उपकरण भी जब्त करने का दावा किया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद वन विभाग की टीम को वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष भी उन्होंने सीएमपीडीआई के सर्वे कार्य को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की थी। वन विभाग ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

