सीतामढ़ी में पुरानी रंजिश का खौफनाक बदला, 15-20 नशेड़ी युवकों ने राशन ले रहे युवक को 20 मिनट तक लाठी-डंडे-चेन से पीटा, CCTV वीडियो वायरल

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी स्टेशन रोड, शनि मंदिर के पास बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब करीब डेढ़ दर्जन नशे में धुत युवकों ने राशन लेने आए एक युवक प्रकाश दास पर लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, चेन और हॉकी स्टिक से बेरहमी से हमला कर दिया। पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस हमले में प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोती सागर पारा का एक युवक अपने साथियों के साथ पहले से ही नशे की हालत में था। उसने प्रकाश दास को गलत समझते हुए पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए हमला बोल दिया। हमलावर दुकान के अंदर तक घुस आए और करीब 15-20 मिनट तक लगातार मारपीट करते रहे। इस दौरान सड़क पर मौजूद दर्जनों लोग सिर्फ तमाशबीन बने रहे, किसी ने भी बचाव में आगे आने की हिम्मत नहीं दिखाई।

प्रकाश दास ने बताया कि हमलावर बार-बार चिल्ला रहे थे कि “तू उस दिन वाली लड़ाई में था, इसलिए आज तुझे देख लेंगे”। जबकि वह उस पुरानी घटना से पूरी तरह अनभिज्ञ था।

घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित प्रकाश दास ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।