पुराने बस स्टैंड के पास फल दुकान में आगजनी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध, पुलिस ने शुरू की तलाश

कोरबा। जिले में पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में बीती रात उस वक्त दहशत फैल गई जब एक अज्ञात युवक ने सुमित ज्वेलर्स के पास स्थित एक फल की दुकान पर पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी।

घटना रात करीब 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

अचानक हुई आगजनी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक आग की लपटें देखकर सभी घबरा गए, लेकिन समय रहते सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे दुकान को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। हालांकि दुकान का कुछ माल और सामान जलकर राख हो गया।

पुलिस को सबसे अहम सुराग इलाके में लगे CCTV कैमरे की फुटेज से मिला है। फुटेज में एक युवक स्पष्ट रूप से दुकान पर ज्वलनशील पदार्थ डालते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने इस फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह घटना सुनियोजित लग रही है और इसके पीछे का मकसद पता करने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुराने बस स्टैंड इलाके के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में इस घटना से भय और आक्रोश का माहौल है। लोग रात में सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को संदिग्ध युवक की जानकारी हो तो तुरंत कोतवाली थाने में सूचित करें। मामले की जांच जारी है।