ब्लैकआउट से निपटने बिजली विभाग की बड़ी तैयारी, कोरबा में पावर प्लांट रीस्टार्ट की मॉकड्रिल से ढाई घंटे ठप रही सप्लाई


कोरबा । ब्लैकआउट जैसी आपात स्थिति में बिजली प्लांटों को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया को परखने के लिए सोमवार को जिले में व्यापक मॉकड्रिल की गई। इसके तहत छुरीखुर्द, जमनीपाली और कोरबा शहरी क्षेत्र में बनावटी बिजली संकट पैदा किया गया। दोपहर 12.30 बजे से साढ़े तीन घंटे तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

जिले के घरेलू उपभोक्ताओं को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर पहले ही सूचना दी गई कि दोपहर 3 बजे तक बिजली बंद रहेगी। मॉकड्रिल के दौरान बांगो जल विद्युत गृह, छुरीखुर्द, जमनीपाली और कोरबा पूर्व उपकेन्द्रों को मिलाकर एक आईलैंड सब-सिस्टम तैयार किया गया और इसी में ब्लैकआउट की स्थिति निर्मित की गई।

इंजीनियरों की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिजली बहाली का अभ्यास किया, जिसकी मॉनिटरिंग उत्पादन व ट्रांसमिशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने की। बांगो हाइडल प्लांट से 132 केवी लाइन के जरिए बिजली छुरीखुर्द, जमनीपाली और कोरबा पूर्व उपकेन्द्रों तक भेजी गई, इसके बाद 33 केवी फीडरों को चालू किया गया।

इंडियन इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड कोड व स्टेट ग्रिड कोड के प्रावधानों के अनुसार ऐसे मॉकड्रिल साल में एक बार किए जाते हैं। तीनों 132 केवी उपकेन्द्रों में बिजली बंद रहने से शहर और आउटर क्षेत्रों की सप्लाई प्रभावित हुई।

कोरबा सर्किल के अधीक्षण अभियंता बी.के. सरकार ने कहा कि “संयंत्रों से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण सब-स्टेशनों की सप्लाई बाधित हुई। वितरण कंपनी के सब-स्टेशनों में कोई फाल्ट नहीं था। ट्रांसमिशन लाइन से बिजली मिलते ही सप्लाई बहाल कर दी गई।”