कोरबा। नगर पालिका निगम दीपका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में शासकीय जमीन पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। वार्ड के पार्षद द्वारा की गई लिखित शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और सोमवार को राजस्व अमले की मौजूदगी में एक्सीवेटर (जेसीबी) मशीन से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
वार्ड 11 के काला मैदान और पुष्प वाटिका उद्यान परिसर में कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण शुरू कर दिया था। इससे न सिर्फ सार्वजनिक मैदान और उद्यान का क्षेत्रफल कम हो रहा था, बल्कि स्थानीय लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक आयोजनों में भी भारी असुविधा होने वाली थी।
पार्षद ने जैसे ही इसकी शिकायत निगम आयुक्त को की, प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। सोमवार सुबह निगम की टीम ने पुलिस बल व राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के बाद मैदान और उद्यान को फिर से अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों ने पार्षद और निगम प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह अतिक्रमण क्षेत्र की शोभा बिगाड़ रहा था और अब फिर से बच्चों व आमजन के लिए खुला स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगे भी सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

