कथित पत्रकार ने पंचायत के चेक में की छेड़छाड़, 2500 का चेक बनाया 2.58 लाख

जनमन पत्रिका के नाम पर विज्ञापन के बहाने लिया चेक, राशि में कूट रचना कर लाखों रुपए उड़ाए, सरपंच-सचिव ने दर्ज कराई FIR

कोरबा। जिले की जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अमलडीहा और तौलीपाली में पंचायत फंड से बड़े पैमाने पर ठगी का सन मामला सामने आया है। स्वयं को “जनमन पत्रिका” का पत्रकार बताने वाले आर.के. परिहार ने 26 जनवरी के बधाई संदेश के नाम पर विज्ञापन राशि के रूप में चेक लिया और उसमें छेड़छाड़ कर लाखों रुपए निकाल लिए।

अमलडीहा पंचायत के सरपंच विष्णु प्रसाद और सचिव अशोक कुमार राठिया ने बताया कि 03 सितंबर 2025 को आर.के. परिहार ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचा था। उसने विज्ञापन के एवज में 2500 रुपए की मांग की।

पंचायत ने हिंदी अंकों में 2500 रुपए लिखा चेक नंबर 845763 जारी किया। आरोप है कि परिहार ने चेक में कूट रचना कर अंग्रेजी में राशि को 2,58,300 रुपए कर दिया।

अगले ही दिन 04 दिसंबर 2025 को यह राशि कुदमुरा निवासी दिल कुमार के कैनरा बैंक टीपी नगर शाखा खाते में जमा कराकर निकाल ली गई।

इसी तरह तौलीपाली ग्राम पंचायत में भी यही व्यक्ति पहुंचा और 1500 रुपए का चेक लिया। इसमें भी छेड़छाड़ कर राशि को लगभग 37,000 रुपए कर दिया गया और पैसे निकाल लिए गए। 05 दिसंबर को पंचायत प्रतिनिधियों को खाते से भारी राशि कटौती का मैसेज आने पर बैंक पहुंचे, तब धोखाधड़ी का पता चला।

दोनों पंचायतों के सरपंच-सचिव ने थाना श्यांग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आर.के. परिहार, दिल कुमार तथा अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी एवं आपराधिक षड्यंत्र का प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में फर्जी पत्रकारों के नाम पर हो रही इस तरह की ठगी ने पंचायत प्रतिनिधियों में दहशत पैदा कर दी है।