पेट्रोल पंप के पास मारपीट कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,मोबाइल-नकदी और चोरी का वाहन बरामद

कोरबा। राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी रकम और वारदात में इस्तेमाल चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई थी। रामसागरपारा निवासी प्रार्थी के साथ मारपीट कर मोबाइल और नकदी रकम लूट ली गई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 937/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 115(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लखन राजपूत (23), निवासी रामसागरपारा, कोरबा, रवि निषाद उर्फ दादू (22), निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा और कमल निषाद उर्फ टेंगना, निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल, नकदी रकम और वारदात में प्रयुक्त चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें।