कोरबा। जिले का परिवहन व्यवसाय इस समय गहरे संकट से गुजर रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा के ट्रांसपोर्टरों ने एक ज्ञापन जारी कर सड़क व्यवस्था, सुरक्षा, लूटपाट, वाहन क्षति और किराया निर्धारण से जुड़ी गंभीर समस्याओं को उजागर करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि जिले में लगभग 50,000 लोग सीधे या परोक्ष रूप से परिवहन उद्योग से जुड़े हैं, लेकिन अव्यवस्था और उपेक्षा के कारण यह क्षेत्र रसातल की ओर बढ़ रहा है।
ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि कुदुरमाल पुल के क्षतिग्रस्त होने से ट्रकों का संचालन ठप हो गया है, जबकि वैकल्पिक रास्ते इतने बदहाल हैं कि रोजाना दुर्घटनाएं और भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। कई बार ट्रक 25 किलोमीटर तक घूमकर ले जाए जा रहे हैं, जिससे डीज़ल खर्च और समय दोनों की बर्बादी हो रही है।
व्यवसायियों ने बताया कि सड़क की दयनीय स्थिति, जगह-जगह पहाड़ियों से गिरते पत्थर, खराब रूटों और वैकल्पिक मार्गों के अभाव ने परिवहन कार्य को खतरनाक बना दिया है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा खड़ी गाड़ियों से डीज़ल व सामान चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे वाहन मालिक और ड्राइवर परेशान हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्रांसपोर्टरों के लिए किराया निर्धारण भी एक गंभीर मुद्दा बन गया है। उनका कहना है कि वर्षों से किराया नहीं बढ़ाया गया है, जबकि डीज़ल, टैक्स, वाहन मेंटेनेंस और अन्य खर्चों में कई गुना बढ़ोतरी हो चुकी है। ऐसे में वर्तमान किराया दरों पर व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया है।
ट्रांसपोर्टरों ने मांग की है कि
क्षतिग्रस्त पुल और सड़कों की मरम्मत तत्काल की जाए,
सुरक्षित एवं वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए जाएं,
चोरी की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई हो,
परिवहन दरों का पुनर्निर्धारण किया जाए,
तथा प्रशासन ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक कर समाधान निकाले।
ज्ञापन में चेतावनी भी दी गई है कि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने पर जिले की परिवहन व्यवस्था ठप हो सकती है, जिसका असर उद्योगों और सामान्य जनता पर पड़ेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

