ढाई महीने से वेतन नहीं,तीन दिन में समाधान नहीं तो हड़ताल

कोरबा। संजीवनी 108 एंबुलेंस के कर्मचारी पिछले ढाई महीनों से वेतन के लिए तरस रहे हैं। जिले में 11 एंबुलेंस चलाने वाले ये ड्राइवर, पायलट और सहायक अब हद पार हो चुकी परेशानी से तंग आ चुके हैं। उनका साफ कहना है, “अगर तीन दिन में वेतन नहीं मिला तो पूरे जिले में 108 सेवा ठप कर देंगे।”

कर्मचारियों ने बताया कि ठेका कंपनी “जय अंबे” उन्हें महज 9,910 रुपये महीना देती है, इसके बदले 12-12 घंटे की ड्यूटी लेती है। ऊपर से एंबुलेंस का मेंटेनेंस तक नहीं होता, जिससे दुर्घटना का खतरा हर पल बना रहता है।

कर्मियों ने पहले भी कोरबा कलेक्टर को अवगत कराया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को जनदर्शन में एक बार फिर ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अब सिर्फ तीन दिन का समय बचा है। इसके बाद अगर वेतन नहीं आया तो सभी 108 एंबुलेंस कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे।

हड़ताल हुई तो जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का इकलौता सरकारी सहारा खत्म हो जाएगा। प्रशासन अभी तक खामोश है।