चचिया में दंतैल हाथी का उत्पात, फेंसिंग तोड़ी; 754 क्विंटल धान के स्टॉक पर मंडराया खतरा

कोरबा।ग्राम चचिया में दंतैल हाथी की धमक ने ग्रामीणों और धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है। देर रात हाथी ने शासकीय विभाग द्वारा लगाई गई वारवेट फेंसिंग को जोरदार तरीके से तोड़ दिया। यही नहीं, वह धान के विशाल स्टॉक के करीब भी पहुंच गया, जिससे मौके पर दहशत का माहौल बन गया।

धान उपार्जन केंद्र के पास लगभग 754 क्विंटल धान स्टॉक में रखा है। सुरक्षा के लिए प्रकाश व्यवस्था और अन्य उपकरण लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद रात करीब 7.30 बजे हाथी स्टॉक की ओर बढ़ने लगा। कुछ कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए उसकी गतिविधियों को मोबाइल में कैद किया और बाद में बहादुरी दिखाते हुए उसे जंगल की ओर खदेड़ा।

बरपाली (जिल्गा), चिर्रा, चचिया, कुदमुरा, श्यांग और लेमरू क्षेत्र इन दिनों हाथियों की लगातार आवाजाही से प्रभावित हैं। ग्रामीणों के साथ-साथ धान खरीदी केंद्रों के कर्मचारी भी भय के साए में काम कर रहे हैं। समितियों की चिंता है कि यदि हाथियों के हमले से नुकसान होता है तो उसकी भरपाई कौन करेगा।

जिला मार्कफेड के डिस्ट्रीक्ट मार्केटिंग ऑफिसर ऋतुराज देवांगन ने बताया कि प्रशासन हाथी प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रहा है। ऐसे सभी उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव को प्राथमिकता के साथ कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। राइस मिलर्स को भी तत्काल उठाव सुनिश्चित करने कहा गया है, ताकि किसी संभावित नुकसान से बचा जा सके।