कोरबा। एकीकृत बाल विकास परियोजना (ICDS) बरपाली की परियोजना अधिकारी कीर्ति जैन के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है। जिला पंचायत सदस्य सावित्री अजय कंवर ने सोमवार को कलेक्टर को लिखित शिकायत कर परियोजना अधिकारी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि कीर्ति जैन बरपाली मुख्यालय में लगभग रहती ही नहीं हैं। हफ्ते में महज एक-दो घंटे कार्यालय में हाजिरी देकर चली जाती हैं। बाकी सारा काम वह फोन और व्हाट्सएप के जरिए अधीनस्थ कर्मचारियों से करवाती हैं। इससे न सिर्फ कार्यालय का कामकाज ठप हो रहा है, बल्कि अधीनस्थ कर्मचारी भी अपने मूल काम समय पर नहीं कर पा रहे हैं।
सावित्री कंवर ने बताया कि परियोजना अधिकारी को जिला प्रशासन ने पहले भी मुख्यालय में रहने के सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन उनकी लगातार अनुपस्थिति से सेक्टर की सैकड़ों आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी पूरी तरह खत्म हो गई है।
इसके चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में मनमानी बढ़ गई है और पोषण आहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित बच्चों व गर्भवती महिलाओं से जुड़े तमाम ICDS कार्यक्रम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य ने मांग की है कि परियोजना अधिकारी कीर्ति जैन के खिलाफ नियमानुसार तत्काल जांच कराकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए तथा उन्हें मुख्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
फिलहाल कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















