कोरबा।कोरबा नगर निगम ने शहर के सबसे व्यस्त इलाके बुधवारी बाजार से घंटाघर चौक तक लंबे समय से चले आ रहे सड़क व फुटपाथ अतिक्रमण को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निगम ने कोसाबाड़ी और बुधवारी बाजार के पास पार्किंग क्षेत्रों में वेंडिंग जोन बनाकर सड़क किनारे लगने वाले ठेला-गुमटी धारकों को वहाँ स्थायी दुकानें आवंटित करना शुरू कर दिया है।
वर्तमान में बुधवारी बाजार से घंटाघर चौक तक फुटपाथ और सड़क किनारे करीब 40 ठेले-गुमटी लगते हैं, जिनमें मोबाइल एक्सेसरीज, कपड़े, नाश्ता और अन्य छोटे-मोटे कारोबार करने वाले व्यापारी शामिल हैं। इन सभी को हटाकर बुधवारी बाजार के पास बन रहे नए वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण कार्य दिसंबर अंत तक पूरा हो जाएगा और नए साल 2026 की शुरुआत में ही इन दुकानों की शिफ्टिंग हो सकेगी।
इसी तर्ज पर कोसाबाड़ी क्षेत्र में पहले से बने वेंडिंग जोन में दो माह पहले ठेला संचालकों को दुकानें आवंटित की जा चुकी हैं। वहाँ पार्किंग स्थल के सामने का हिस्सा पूरी तरह खाली हो गया है और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण नजर आने लगा है।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत कोरबा में 36.55 करोड़ रुपये की लागत से सीएसईबी चौक से कोसाबाड़ी तक गौरव पथ का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही नगर निगम कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर-जैन चौक तक विशेष सौंदर्यीकरण कर रहा है।
बुधवारी बाजार को मॉडल मार्केट बनाने के लिए चारों तरफ बाउंड्रीवॉल बनाई जा रही है और फ्लाईओवर ब्रिज से सीधे पार्किंग व मार्केट में प्रवेश की सुविधा होगी।
निगम अधिकारियों का दावा है कि वेंडिंग जोन बनने से वर्षों से वीरान पड़ी पार्किंग क्षेत्र आबाद होंगी, यातायात सुगम होगा, शहर का सौंदर्य बढ़ेगा और छोटे व्यापारियों को भी स्थायी जगह मिलने से उनका कारोबार आगे बढ़ेगा। जल्द ही कोरबा की यह सबसे व्यस्त सड़क पूरी तरह अतिक्रमण-मुक्त और सुंदर नजर आएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















