मीरा रिजॉर्ट के बाहर वारदात, हत्या के बाद आरोपी वाहन सहित फरार; पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा।जन्मदिन की पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब आपसी विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही साथी को बोलेरो कैंपर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना शुक्रवार रात लगभग 11 बजे थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट के सामने की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार थाना दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह (36), निवासी दीपका, के बीच विवाद हो गया।
रिजॉर्ट से बाहर निकलने के बाद सड़क पर दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान तुषार ढांडा गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन को उज्जवल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
घटना के बाद मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्जवल को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में थाना उरगा में हत्या की धारा के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी और वाहन की तलाश के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

