स्थायी पुल निर्माण में लापरवाही के आरोप, स्थानीय लोगों ने जताई बड़े हादसे की आशंका
कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर में मदरसा के पास बहने वाले नाले पर बना अस्थायी पुल पहली ही बारिश में ध्वस्त हो गया, जिससे क्षेत्रवासियों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। पुल टूटने के बाद लोगों को अब लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष श्रमदान और जनसहयोग से इस पुल की मरम्मत कर आवागमन योग्य बनाया गया था, लेकिन इस बार मानसून की पहली तेज बारिश में ही पुल धंस गया। नाले में तेज बहाव के कारण अब यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
क्षेत्र के निवासी मनोज सिंह ने बताया कि पुल निर्माण के लिए कम से कम तीन बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन आज तक स्थायी पुल का निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि कागजों में काम दिखाकर राशि निकाल ली गई, जबकि धरातल पर कोई स्थायी निर्माण नहीं हुआ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग विकास नगर के लोगों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। पुल टूटने से स्कूली बच्चों, कामकाजी लोगों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्थायी पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा स्थायी पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

