रेत, ईंट और चूना पत्थर के अवैध परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई, कई थाना क्षेत्रों में चला विशेष अभियान
कोरबा। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी सहित नौ वाहनों को जब्त किया है। एनजीटी के प्रतिबंध और लगातार निगरानी के बावजूद सक्रिय रेत माफियाओं के खिलाफ यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई।
प्रशासन द्वारा गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बालको, कसनिया, कटघोरा, उरगा और पताढ़ी सहित विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर सघन जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी जब्त किए गए। इसके अलावा लाल ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 1 टीपर तथा निम्न श्रेणी के चूना पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे 1 हाईवा को भी जब्त किया गया।
जब्त सभी वाहनों को राताखार, पाली, पताढ़ी, हरदीबाजार और जेंजरा क्षेत्रों से कार्रवाई के दौरान पकड़कर थाना पाली, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना हरदीबाजार तथा खनिज जांच नाका उरगा एवं कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि रोकना है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम-1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम-2015 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

